राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छाए हरियाणा के तीरंदाज

punjabkesari.in Friday, Feb 24, 2017 - 06:37 PM (IST)

चंडीगढ़:सतारा (महाराष्ट्र) में आयोजित 39वीं तीरंदाज़ी जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप में हरियाणा के तीरंदाज छा गए। इस प्रतियोगिता में इन युवा तीरंदाजों ने 20 पदक जीतकर हरियाणा का नाम रौशन किया। तीरंदाजों ने ना केवल 20 पदक जीते बल्कि तीरंदाज़ दिव्या धायल ने ओवरआल चैम्पियनशिप भी जीती। हरियाणा के युवा तीरंदाजों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतियोगिता के दूसरे दिन 9 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य पदक जीते तो तीसरे और आखिरी दिन तीरंदाज़ दिव्या धायल जूनियर चैम्पीयन बन गई। उन्होंने ओलम्पिक राउंड में स्वर्ण पदक जीतकर यह सम्मान हासिल किया। हरियाणा की खिला़ड़ियों ने इस प्रतियोगिता के पहले दिन 2 स्वर्ण और 1 रजत जीता था। हरियाणा तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष और वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने सभी तीरंदाजों को बधाई और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। कैप्टन अभिमन्यु ने उम्मीद जताई है की ये खिलाड़ी आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं में भी पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ियों को हरियाणा तीरंदाजी संघ की और से भी जल्द ही सम्मानित किया जाएगा। 

सतारा में 3 दिन तक चली प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए हरियाणा के टीम मैनेजर यशवीर राघव ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के पहले दिन की तरह दूसरे और तीसरे दिन भी हरियाणा के तीरंदाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 17 पदक जीते हैं। उन्होंने बताया कि महिला रिकर्व टीम राउंड में अनु ठाकरान, रीद्धि फ़ोर, हिमानी मलिक और प्रियंका ठाकरान ने स्वर्ण पदक, पुरुष काम्पाउंड राउंड में मयंक रावत, दिग्विजय धायल, आशीष मलिक और पवन कुमार ने स्वर्ण पदक, महिला काम्पाउंड राउंड में ख़ुशबू धायल, दिव्या धायल, नीतू मलिक और शालू मलिक ने रजत पदक, महिला इंडियन राउंड में कविता पवार, रीना श्योरन, मीना मलिक और कीर्ति मलिक ने कांस्य पदक जीतकर हरियाणा का नाम रौशन किया। राघव ने बताया कि हरियाणा की तीरंदाज दिव्या धायल को ओवरआल जूनियर चैम्पियन का भी खिताब मिला है। दिव्या ने ओलम्पिक राउंड में स्वर्ण पदक जीतकर जूनियर चैम्पियन का ख़िताब हासिल किया। हरियाणा की टीम के साथ संघ के महासचिव मनजीत मलिक, अंतर्राष्ट्रीय कोच कपिल देव कौशिक और आर्मी कोच कर्नल विक्रम सिंह भी मौजूद रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static