हरियाणा के खिलाडिय़ों ने जीते 25 फीसदी पदक: विज

punjabkesari.in Thursday, Sep 06, 2018 - 11:17 AM (IST)

चंडीगढ़(पांडेय): खेलमंत्री अनिल विज ने कहा कि एशियन खेलों में देश के खिलाडिय़ों द्वारा जीते गए कुल पदकों में लगभग 25 प्रतिशत पदक हरियाणा के खिलाडिय़ों ने जीते हैं। हरियाणा के खिलाडिय़ों ने कुल 17 पदक जीतकर देश में अव्वल स्थान प्राप्त किया है। विज ने बताया कि राज्य के कुल 84 खिलाड़ी एशियन खेलों में भाग लेने के लिए जकार्ता पहुंचे थे, जिनमें 26 खिलाडिय़ों ने पदक हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने इन खेलों में 5 स्वर्ण पदक, 5 रजत पदक तथा 7 कांस्य पदक हासिल किए हैं। एकल खिलाड़ी के तौर पर जींद के मनजीत सिंह ने 800 मीटर तथा पानीपत के नीरज चोपड़ा ने जवैलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीता है।

रोहतक के अमित ने बॉक्सिंग, झज्जर के बजरंग पूनिया व चरखी दादरी की विनेश फौगाट ने कुश्ती में स्वर्ण पदक हासिल किया है। खेलमंत्री ने बताया कि जींद के लक्ष्य श्योराण व यमुनानगर के संजीव राजपूत ने शूटिंग में रजत पदक जीता है। सोनीपत की सीमा पूनिया ने महिला डिस्कस थ्रो, भिवानी के विकास कृष्ण ने बॉक्सिंग, झज्जर के दुष्यंत ने रोइंग तथा पानीपत के अभिशेष वर्मा ने शूटिंग में कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की है। इसके अलावा 3 टीमों ने रजत पदक जीते हैं, जिनमें घुड़सवारी, महिला हॉकी तथा महिला कबड्डी की टीमें शामिल हैं।

 पुरुष वर्ग की कबड्डी, हॉकी व रोइंग सहित 3 टीमों ने कांस्य पदक जीतने में सफलता प्राप्त की है। विज ने बताया कि इन खेलों में जहां एकल मुकाबलों में 9 पुरुष व 2 महिलाओं ने पदक हासिल किए हैं, वहीं टीम प्रतियोगिताओं में 6 पुरुष व 9 महिलाएं शामिल थीं। इस प्रकार इन खेलों में कुल 15 पुरुषों व 11 महिलाओं ने एकल या टीम के सदस्य के तौर पदक जीतने में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि इन सभी खिलाडिय़ों को खेल नीति के अनुसार पुरस्कार राशि एवं नौकरी उपलब्ध करवाई जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static