3 महीने पहले दुल्हन बनकर आई महिला का पंखे से लटका मिला शव
punjabkesari.in Sunday, Apr 30, 2017 - 04:28 PM (IST)
रेवाड़ी(मोहिंदर भारती):3 माह पूर्व दुल्हन बनकर ससुराल आई एक विवाहिता का शव बीती रात पंखे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने ससुरालियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पहुंची रोहड़ाई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु रेवाड़ी के अस्पताल में भिजवा दिया है।
जानकारी के अनुसार कोसली निवासी तेजपाल की 22 वर्षीय पुत्री कविता का विवाह 1 फरवरी को जिले के गांव उष्मापुर निवासी सुमित के साथ सम्पन्न हुआ था। कविता ने अज्ञात कारणों के चलते अपने कमरे में लगे पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
कविता की मौत का जैसे ही उसके मायके वालों को पता चला वे गांव पहुंचे और ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। मृतका के भाई अमित कुमार ने सुसराल पक्ष के पति सुमित, संदीप, पुनीत, सास नीलम, ससुर नोबल कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है।
जांचकर्त्ता सुरेश कुमार ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। आत्महत्या है हत्या इसका जांच में ही पता चलेगा। फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। जांच के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस जांच में जुटी हुई है।