अब अदब से पेश आएंगे हरियाणा के पुलिसकर्मी

punjabkesari.in Friday, Jan 04, 2019 - 10:03 AM (IST)

चंडीगढ़(पांडेय): प्रदेश की जनता के सम्मान को बनाए रखने के लिए एक अनूठी पहल करते हुए हरियाणा पुलिस ने प्रदेश में ‘आप्रेशन श्रीमान’ की शुरूआत की है। इसके तहत पुलिसकर्मी विभिन्न ड्यूटी के दौरान नागरिकों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करते हुए शिष्टाचार का पालन करेंगे। इस आप्रेशन के तहत पुलिसकर्मियों को अदब से पेश आने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस आशय का निर्देश पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू की ओर से प्रदेशभर के पुलिस अफसरों को दिए गए हैं। यह आप्रेशन श्रीमान 31 जनवरी तक जारी रहेगा।

पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू ने वीडियो कांफ्रैंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी रेंज ए.डी.जी.पी./ आई.जी., पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हाल ही में एक समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों को जनता विशेषतौर से गरीबों के साथ पुलिस के व्यवहार को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया था। पुलिस को किसी भी सरकार का आइना बताते हुए डी.जी.पी. ने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपने कत्र्तव्यों का निर्वहन सम्मानपूर्वक करना चाहिए। हालांकि पुलिस के अधिकांश कर्मी जनता के प्रति सभ्य और विनम्र हैं, फिर भी नाकाबंदी, गश्त ड्यूटी, चैकिंग ड्यूटी, पी.सी.आर. ड्यूटी, पुलिस स्टेशन, पुलिस पोस्ट और अन्य स्थानों पर रहते हुए पुलिसकर्मी जनता के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करें व असभ्य व्यवहार करने से बचें। 

संधू ने पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों के साथ-साथ रेंज और जिला स्तर पर भी पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके अलावा इस कार्य के लिए सॉफ्ट स्किल विशेषज्ञों और अन्य विशेषज्ञों की सेवाएं भी ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनता के साथ सभ्य व्यवहार के बारे में प्रशिक्षण भी पुलिस के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का हिस्सा होगा। इस सम्बंध में सर्वश्रेष्ठ पुलिसकर्मियों को राज्य, रेंज और जिला स्तर पर पुरस्कृत भी किया जाएगा। इसके अलावा पुलिसकर्मी आमजन की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनकर उनका समाधान करने का भी प्रयास करें। 

धुंध में समन्वय बनाकर करें लोगों की सुरक्षा 
पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान में धुंध की परिस्थितियों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस अधिकारी एन.एच.ए.आई., पी.डब्ल्यू.डी. जैसे विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाएं। ट्रैफिक इंचार्ज भी अपने क्षेत्रों में वाहन चालकों द्वारा यातायात और सड़क सुरक्षा नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करेें। इसके अलावा अधिकारियों को के.जी.पी. और के.एम.पी. एक्सप्रैस-वे पर लेन ड्राइविंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

जींद उपचुनाव में कानून-व्यवस्था पर भी हुई चर्चा 
पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि आम संसदीय चुनाव आने वाले हैं तथा जींद विधानसभा के उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है। इसलिए पुलिस द्वारा राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अभी से ही आवश्यक सम्भावित प्रबंध किए जाने चाहिएं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static