दहेज के लिए ससुरालियों ने इतना किया प्रताड़ित कि विवाहिता ने दे दी जान, केस दर्ज

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 08:59 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): बेगमपुर खटोला में दहेज उत्पीड़न का एक बेहद ही दर्दनाक मामला सामने आया है। नवविवाहिता आंचल ने शादी के महज कुछ ही महीनों बाद ससुराल पक्ष की बर्बरता और 50 लाख की लगातार मांग से परेशान होकर अपने घर के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस दौरान मृतका का पूरा परिवार सामने वाले घर में कीर्तन-भजन कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने यूपी के मेरठ निवासी पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मृतका की मां गीता ने शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी आंचल की शादी 18 नवंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ पारस भाटी निवासी जिला मेरठ उत्तरप्रदेश के साथ धूमधाम से की थी, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद आंचल के पति पारस, ससुर पीयूष भाटी उर्फ बंसल और सास नीतू ने उसे कम दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। ससुर अक्सर गाली-गलौज करते हुए हैसियत का ताना मारता था और मायके से और धन लाने की धमकी देता था। 50 लाख ला, नहीं तो घर मत आना,हद तो तब हो गई जब 13 अप्रैल 2026 को आरोपी पति आंचल को मायके लाकर छोड़ गया और साफ शब्दों में धमकी दी कि जब तक अपने मायके से पारस के लिए फैक्ट्री लगाने के लिए 50 लाख रुपये नहीं लेकर आएगी, तब तक ससुराल का रुख मत करना। 

 

20 अप्रैल को परिवार में एक शादी के दौरान भी ससुर और दामाद ने आकर सरेआम और दहेज की डिमांड की। ससुराल पक्ष ने छह मई 2026 को दोबारा बेगमपुर खटोला आया और 50 लाख नकद लाने के लिए दबाव बनाया। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि 10 मई 2026 को आरोपी पति पारस ने आंचल साइबर हब गुरुग्राम में मिलने के लिए बुलाया। वहां उसने आंचल के साथ बुरी तरह मारपीट की, गाली-गलौज की और फिर से 50 लाख की मांग की। इसके बाद आरोपी उसे सेक्टऱ-73 के एल्मेडा चौक पर लावारिस हालत में फेंककर फरार हो गया, जहां से उसका छोटा भाई उसे रोते हुए घर लेकर आया। उसके बाद 12 मई को दोपहर करीब दो बजे आंचल ने फांसी लगा ली। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू कर दी है,जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static