गनपाइंट पर महिला से गहने-नगदी की लूट, आरोपी फरार

punjabkesari.in Saturday, Jul 24, 2021 - 08:31 PM (IST)

गुडग़ांव (ब्यूरो): साइबर सिटी के बसई एंक्लेव कॉलोनी में दिनदहाड़े महिला को गनपाइंट पर बंधक बनाकर लूट का मामला सामने आया है। चार बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर सोने की जूलरी व 10 हजार रुपये नकद आदि सामान लूट ले गए। करीब आधे घंटे तक वारदात कर आरोपी यहां से भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में बसई एंकलेव कॉलोनी की गली नंबर- 2 निवासी महिला सोनाली बिश्वास ने बताया कि वह शनिवार को अपने घर पर अकेली थी, जबकि उसके पति इसी मकान के बाहर बनी दुकानों में से एक दुकान में बंगाली क्लिनिक चलाते हैं। उस समय वह दुकान में थे। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे इस मकान के पिछले गेट से चार बदमाश अंदर आ गए। अंदर आते ही आरोपियों ने महिला को बंधक बना लिया। आरोपियों के चेहरे पर कपड़ा बंधा हुआ था। आरोपियों ने महिला का मुंह व हाथ बांधकर उसे चुप करा दिया। फिर महिला की पहनी हुई सोने की जूलरी के अलावा अलमारी खोलकर उसमें से कुछ जूलरी व करीब 10-12 हजार रुपये लूट लिए। चार में से एक बदमाश के हाथ में हथियार था जो महिला की कनपटी पर लगाकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। महिला को कहा गया कि शोर मचाया तो बाहर मौजूद तुम्हारे पति को जान से मार देंगे। करीब आधे घंटे तक आरोपी वारदात करते रहे और फिर वहां से लूटपाट कर भाग गए।

बदमाशों के जाने के करीब 15 मिनट बाद महिला बाहर पति के पास आई। उस समय महिला के पति मरीज देख रहे थे। तब महिला ने पति को इस बारे में बताया तो वह दुकान का शटर नीचे कर अंदर गए और मकान की हालत देखी। आस-पास गली में देखा, लेकिन बदमाश जा चुके थे। तब महिला ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी।  सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पूरे  मामले की जांच में जुट गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Recommended News

Related News

static