प्रदेश कांग्रेस में बदलाव की चर्चाओं ने पकड़ा जोर, संगठन में तंवर को दी जा सकती है बड़ी जिम्मेदारी

punjabkesari.in Tuesday, May 23, 2017 - 11:26 AM (IST)

चंडीगढ़ (बंसल):हरियाणा कांग्रेस प्रभारी कमलनाथ की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी से हुई मुलाकातों के बाद प्रदेश संगठन में बदलाव की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। कांग्रेस गलियारों में चर्चाएं है कि जल्द ही नए प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है। मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को संगठन में कोई अन्य बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है जबकि तंवर के नजदीकियों की मानें तो पार्टी में संगठन के चुनावों से पहले किसी भी तरह का बदलाव संभव नहीं है। 

ऐसी चर्चाएं है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला या राज्यसभा सांसद कु.शैलजा को प्रदेशाध्यक्ष का पद सौंपा जा सकता है। हालांकि कांग्रेस के सभी गुट बदलाव की बात को नकार रहे है, लेकिन चर्चाएं कुछ ओर ही इशारा कर रही है। पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश संगठन में बदलाव की बात को लेकर कहा कि सितम्बर माह के बाद ही कुछ हो सकता है। दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि कमलनाथ की मुलाकात हरियाणा के संदर्भ को लेकर नहीं थी, बल्कि मध्य प्रदेश संगठन को लेकर थी। क्योंकि कांग्रेस वहां भी भविष्य में होने वाले विधानसभा चुनावों का ताना-बाना बुन रही है।

तंवर ने नकारी संगठन में बदलाव की बात
यहां बता दें कि 4 दिन पहले कुलदीप बिश्नोई ने भी सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। कुलदीप बिश्नोई भी पार्टी में जिम्मेदारी की बाट जोह रहे हैं। चर्चाएं है कि पार्टी संगठन में उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर से जब इस विषय में बात की गई तो उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सोनिया से मुलाकात की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने प्रदेश संगठन में बदलाव की चर्चाओं को भी नकार दिया। उन्होंने कहा कि कल वह चंडीगढ़ में भंवर जितेन्द्र सिंह के साथ मीडिया से रूबरू होंगे और केंद्र सरकार की नाकामियों की पोल खोलेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static