Kurukshetra : महाभारत अनुभव केंद्र के बेसमेंट में नहीं था पर्याप्त वेंटिलेशन, ADC की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 05:13 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में लगी आग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। ADC विवेक आर्य की अध्यक्षता में गठित जांच कमेटी ने पाया कि बी-ब्लॉक के बेसमेंट में रखी गई सोलर सिस्टम की बैटरियों के लिए पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं था। भीषण गर्मी के कारण बैटरियों में केमिकल रिएक्शन हुआ, जिसके चलते पहले एक बैटरी फटी और फिर लगातार धमाकों के साथ कई अन्य बैटरियां भी फटती चली गईं।
जांच में सामने आया कि हादसे के समय बेसमेंट में 250 से अधिक बैटरियां रखी हुई थीं। इनमें से करीब 70 प्रतिशत बैटरियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। आग की चपेट में आने से 3 एसी, इलेक्ट्रिकल पैनल और यूपीएस सिस्टम भी जलकर राख हो गए। हालांकि अभी तक कुल नुकसान का अंतिम आंकड़ा सामने नहीं आया है।
प्रशासन ने नुकसान का विस्तृत आकलन करने के लिए एक विशेषज्ञ एजेंसी से संपर्क किया है। वहीं दूसरी ओर प्रशासन महाभारत अनुभव केंद्र को अगले दो सप्ताह में दोबारा शुरू करने की तैयारी में जुटा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में पर्यटकों के केंद्र में पहुंचने की संभावना है।
गौरतलब है कि 24 मई को केंद्र के बी-ब्लॉक बेसमेंट में अचानक आग लग गई थी। बेसमेंट में सोलर ऊर्जा पैनलों से जुड़ी बड़ी संख्या में बैटरियां रखी गई थीं। आग लगने के बाद लगातार धमाके होते रहे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
करीब 206 करोड़ रुपए की लागत से विकसित महाभारत अनुभव केंद्र का उद्घाटन पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। केंद्र में डिजिटल तकनीक, लाइट एंड साउंड शो तथा महाभारत और श्रीमद्भगवद्गीता से जुड़ी जानकारियां आधुनिक तरीके से प्रदर्शित की जाती हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)