पत्नी की गोली मारकर हत्या कर पति गर्लफ्रेड के साथ हुआ नेपाल फरार

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 08:13 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गर्लफ्रेंड के किराए के घर में पत्नी को लेजाकर उसकी गोली मारकर हत्या करने के मामले में गुड़गांव पुलिस ने आरोपी पति व उसकी गर्लफ्रेंड को मानेसर से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के करीब डेढ़ महीने बाद आरोपी मानेसर से ही पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। आरोपियों की पहचान अंकित (उम्र-25 वर्ष) निवासी मानेसर, गुरुग्राम व रजनी देवी (उम्र-38 वर्ष) निवासी गांव औरंगाबाद जिला झज्जर, हरियाणा के रूप में हुई।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस जांच व आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी अंकित व रजनी का पिछले 3 वर्ष से अफेयर चल रहा था। रजनी पिछले काफी समय से मानेसर में किराए पर रह रही थी। अंकित 21 मई को सुनियोजित योजना के तहत अपनी पत्नी को रजनी के किराए के कमरे पर ले गया तथा वहां पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने शव को कमरे के बाथरूम में बंद कर दिया था। हत्या की वारदात में प्रयोग किया गया हथियार आरोपी 2 महीने पहले ही उत्तर-प्रदेश से लेकर आया था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंकित व रजनी हरिद्वार चले गए तथा वहां से नेपाल भाग गए। आरोपी 30 जून को भारत वापिस आए थे। आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया है। 

 

आपको बता दें कि 22 मई को एक महिला ने मानेसर थाना पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि इसकी 22 वर्षीय बेटी का विवाह फरवरी 2026 में मानेसर निवासी अंकित के साथ हुआ था। 21 मई को इसे सूचना मिली कि इसकी बेटी घर से लापता है। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की तथा ससुराल पक्ष से संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसकी बेटी को गायब करने में उसके पति एवं ससुराल पक्ष की संलिप्तता होने का संदेह है। इस पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया। 22 मई को पुलिस को सूचना मिली कि एक कमरे से बदबू आ रही है जिस पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की तो पाया कि कमरे के बाथरूम में महिला का सड़ा हुआ शव पड़ा है जिसकी गोली मारकर हत्या की गई है। जिसकी पहचान शिकायतकर्ता ने अपनी बेटी के रूप में की। पुलिस ने मामले में हत्या की संबंधित धाराओं को जोड़ते हुए मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए। जिसके बाद अब पुलिस ने आरोपी पति व उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static