लाखों रुपए लेकर किसी दूसरे के नाम पर करा दी जमीन की रजिस्ट्री, केस दर्ज
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 08:26 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गांव हेडाहेड़ी में जमीन खरीद-फरोख्त को लेकर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रेवाड़ी जिले के गांव जौवाड़ा निवासी युवक ने अपने परिचित पर जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये लेने और बाद में जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य के नाम कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पटौदी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, गांव जीवड़ा निवासी युदवीर ने शिकायत में बताया कि उसका मित्र अक्षय उसकी मुलाकात गुरुग्राम के गांव हेडाहेडी निवासी संदीप से कराई थी। बातचीत के दौरान संदीप ने अपनी कृषि भूमि बेचने की बात कही। पीड़ित का आरोप है कि सात नवंबर 2025 को संदीप ने गांव हेडाहड़ी स्थित करीब पांच एकड़ भूमि में से चार कनाल हिस्से का सौदा उसके साथ लगभग एक करोड़ रुपये में तय किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमीन का इकरारनामा भी किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि सौदा तय होने के बाद पीड़ित ने संदीप को अलग-अलग तारीखों में नकद और बैंक खातों के माध्यम से कुल 16 लाख 40 हजार रुपये का भुगतान किया। यह राशि नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच कई किश्तों में दी गई। पीड़ित का कहना है कि उसने रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद में लगातार भुगतान किया, लेकिन बाद में उसे संदेह हुआ कि जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम नहीं की जा रही है।
युदवीर के अनुसार जब उसने 31 जनवरी 2026 के आसपास जमीन की रजिस्ट्री के बारे में जानकारी ली तो संदीप टालमटोल करने लगा। इसके बाद वह स्वयं तहसील कार्यालय पहुंचा, जहां उसे पता चला कि संबंधित जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम करने के बजाय आरोपी ने अपनी मां के नाम करा दी है। यह जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोप है कि आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब पीड़ित अपने पैसे मांगने आरोपी के घर पहुंचा तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित का कहना है कि उसे अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।