युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर तलवार से हमला, दुकान को कर दिया तहस-नहस

punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 05:25 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): युवती से छेड़छाड़ करने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने एक युवक की दुकान पर तलवार से हमला कर दिया। वारदात देर रात को उस वक्त हुई जब पीड़ित अपने परिवार के साथ किसी कार्य से गया था। वापस लौटते वक्त क्रेटा कार में सवार युवकों ने छेड़छाड़ की। देर रात को ही पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया और उन्हें गाड़ी सहित थाने ले जाने के लिए पुलिसकर्मी आरोपियों की गाड़ी में सवार हो गया। जैसे ही पुलिसकर्मी दोनों आरोपियों को लेकर बादशाहपुर थाने पहुंचा वैसे ही आरोपियों ने पुलिसकर्मी को उतारा और आरोपी पीड़ित को अंजाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो गए।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

आज सुबह आरोपी अपने साथियों के साथ तलवारे लहराते हुए मौके पर पहुंचे और पीड़ित की मोबाइल की दुकान पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने तलवार से हमला कर शीशे व काउंटर तोड़ दिए। इस घटना में दुकान पर मौजूद एक कर्मचारी को भी चोट आई है। वहीं, आरोप है कि आरोपियों द्वारा दुकान में लूटपाट भी की गई। आरोपी दुकान से महंगे मोबाइल व उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। मामले में बादशाहपुर थाना प्रभारी का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मामला दर्ज कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित जतिन ने बताया कि उनकी बादशाहपुर में गर्ग कम्युनिकेशन के नाम से मोबाइल की दुकान है। कल रात को वह अपने परिवार व दाेस्तों के साथ क्षेत्र में ही शॉपिंग करने के लिए गए थे। देर रात करीब एक बजे वापस लौटते वक्त क्रेटा कार से आए दो युवकों ने एक कार में मौजूद युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी आग बबूला हो गए और उनके साथ झगड़ा करने लगे। इस पर उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को उनकी कार सहित काबू किया, लेकिन आराेपी उन्हें चकमा देकर फरार हो गए। आज सुबह उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। जिस स्थान पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया उस स्थान से कुछ ही दूरी पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था। हालांकि कैमरे में दहशतगर्दी की वीडियो तो रिकॉर्ड नहीं हुई, लेकिन आरोपियों के दुकान की तरफ जाते हुए वीडियो जरूरर सामने आई है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच कर रही है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static