नगर परिषद नरवाना ई.ओ. 40 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jul 07, 2022 - 09:57 AM (IST)

नरवाना:  नगर परिषद नरवाना के ई.ओ. राजेंद्र सोनी बुधवार को एक ठेकेदार से बिल पास करने की एवज में 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। स्टेट विजिलैंस की टीम ने नगर परिषद में ई.ओ. कार्यालय में ही ई.ओ. राजेंद्र सोनी को रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार छात्तर गांव के रहने वाले ठेकेदार बलकार ने विजिलैंस को शिकायत की थी कि नगर परिषद ई.ओ. राजेंद्र सोनी उससे बिल पास करने की एवज में 40 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। बलकार ने शिकायत में बताया कि उसने नगर परिषद नरवाना के अंतर्गत निर्माण कार्य किया था, जिसके 30 लाख रुपए के बिल बकाया थे। इस बकाया बिल राशि की अदायगी करने के एवज में ई.ओ. राजेंद्र सोनी ने 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत के आधार पर विजिलैंस ने ई.ओ. को रंगे हाथों पकडऩे के लिए विशेष टीम का गठन किया। इसमें ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के तौर पर नायब तहसीलदार जींद अजय कुमार को नियुक्त किया गया। इसके अलावा डी.एस.पी. विजिलैंस कमलजीत, इंस्पैक्टर मनीष सहारण, सब इंस्पैक्टर बलजीत सिंह, एस.आई.अनिल, ए.एस.आई. कवलजीत, सिपाही सोनू व प्रदीप को टीम में शामिल किया गया।

टीम ने शिकायतकर्ता ठेकेदार बलकार को 2-2 हजार रुपए के 20 नोट पाऊडर लगा कर दिए और सभी दिए गए नोटों के नंबर विजिलैंस की टीम ने नोट कर लिए। जब ठेकेदार बलकार ने रिश्वत की राशि देने के लिए ई.ओ. राजेंद्र सोनी से संपर्क किया तो उन्होंने ठेकेदार बलकार को अपने कार्यालय में ही बुला लिया। जब ठेकेदार बलकार ने ई.ओ. राजेंद्र सोनी को रिश्वत की रकम दे दी तो विजिलैंस की टीम को इशारा कर दिया गया। इशारा मिलते ही टीम में शामिल अधिकारी ई.ओ. कार्यालय में पहुंच गए और ई.ओ. के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली। विजिलैंस की टीम नोटों का मिलान करने के बाद ई.ओ. राजेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

विजिलैंस टीम की छापेमारी व ई.ओ. की गिरफ्तारी की खबर से नगर परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया। इंस्पैक्टर मनीष सहारण ने बताया कि विजिलैंस टीम ने ई.ओ. राजेंद्र सोनी को रिश्वत की राशि सहित काबू किया है। उन्होंने बताया कि ई.ओ. राजेंद्र सोनी के खिलाफ विजिलैंस थाना करनाल में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static