अवैध रूप से चल रही थी शराब पार्टी, पुलिस ने सीएम फ्लाइंग के साथ की रेड
punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 06:04 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव पुलिस और सीएम फ्लाइंग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गांव बलियावास स्थित छाबड़ा फार्म पर चल रही एक अवैध शराब और हुक्का पार्टी पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब और हुक्का बरामद किया है। इस मामले में पार्टी संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने डीएलएफ फेज-एक थाने में मामला दर्ज किया गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग (पूर्व) की टीम को सूचना मिली थी कि बलियावास के छाबड़ा फार्म पर लोकेश नाम का व्यक्ति बिना किसी अनुमति के कमर्शियल लेवल पर हुक्का बार और शराब पार्टी का संचालन कर रहा है। इस सूचना पर ग्वाल पहाड़ी चौकी के सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने सीएम फ्लाइंग के एचसी अमित कुमार और एएसआई जितेंद्र कुमार के साथ मिलकर फार्म पर धावा बोला।
जब पुलिस टीम फार्म के अंदर पहुंची, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। करीब 30 से 35 लोग तेज संगीत के बीच शराब और हुक्के का सेवन कर रहे थे। जांच करने पर पता चला कि संचालक के पास शराब परोसने या हुक्का बार चलाने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। पुलिस ने मौके से पांच बड़े हुक्के और छह अलग-अलग फ्लेवर बरामद किए है। तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में महंगी और विदेशी ब्रांड की शराब मिली। बरामद की गई बोतलों की सूची इस प्रकार है गोल्ड लेबल, टैनक्रे जिन, एब्सोल्यूट वोदका, डबल ब्लैक, सुला वाइन, ग्रे गूज वोदका, कोरोना बीयर और सिल्वर पेट्रोन मिली। इनमें जिनमें 19 भरी हुई और छह खाली बोतलें शामिल हैं।
पुलिस ने पार्टी संचालक लोकेश निवासी पंजाबी बाग, दिल्ली को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसकर आबकारी अधिनियम और हुक्का बार चलाकर कोटपा एक्ट 2003 की धारा का उल्लंघन मिला। जिस पर पुलिस ने डीएलएफ फेज-एक थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।