B.Tech पास Rapido ड्राइवर ने महिला सवारी से की अश्लीलता, डेढ़ घंटे में पुलिस ने जुड़वा दिए हाथ
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 08:58 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव को एक बार फिर शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां B.Tech पास Rapido कैब चालक ने महिला सवारी के साथ उस दौरान अश्लीलता की जब महिला अपने घर से ऑफिस जाने के लिए कैब में बैठी थी। कैब बुक करने के महज 10 मिनट बाद ही ड्राइवर ने अभद्रता शुरू कर दी। महिला ने जब इसका विरोध किया तो पहले आरोपी ने अपनी कैब को भगाना शुरू कर दिया, लेकिन जब महिला ने गुस्सा दिखाया और उसकी वीडियो बनाई तो आरोपी ने उसे कैब से नीचे उतार दिया और फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले में कार्रवाई करते हुए न केवल केस दर्ज किया बल्कि आरोपी को भी भोंडसी एरिया से महज डेढ़ घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले विजय कुमार(उम्र-23 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस गिरफ्त मेंं आते ही आरोपी हाथ जोड़ने लगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
महिला थाना ईस्ट सेक्टर-51 प्रभारी इंस्पेक्टर सुमन ने बताया कि गुरुवार सुबह एक युवती ने अपने घर सेक्टर-47 से ऑफिस साइबर सिटी जाने के लिए Rapido पर कैब बुक की थी। युवती जैसे ही कैब में सवार हुई और कैब ड्राइवर कुछ ही दूर चला तो उसने युवती से अश्लीलता शुरू कर दी। उसे अश्लील इशारे भी किए। इस पर युवती ने विरोध किया और कैब रोकने के लिए कहा। आरोप है कि कैब ड्राइवर ने कैब रोकने की बजाय कैब को तेज भगाना शुरू कर दिया। इस पर युवती ने उसकी वीडियो बनाते हुए उसका विरोध शुरू कर दिया और पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करना चाहा तो आरोपी ने कैब को रोक दिया और युवती को बीच रास्ते में उतार दिया और मौके से फरार हो गया। इसकी शिकायत युवती ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद युवती सदर थाने में अपनी लिखित शिकायत लेकर पहुंची। सदर थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू करते हुए मामले को जांच के लिए महिला थाना सेक्टर-51 को सौंपा।
महिला थाना पुलिस की टीम ने मामले में सदर थाना पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए आरोपी को वारदात के करीब डेढ़ घंटे के भीतर ही काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कैब भी बरामद कर ली है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।