महिलाओं को एकजुट करेगी महिला कांग्रेस, पंचकूला में होगी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक
punjabkesari.in Sunday, Oct 17, 2021 - 11:47 AM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): महिला कांग्रेस ने प्रदेश में अपना कुनबा मजबूत करने की तैयारी कर ली है। जिसके चलते सोमवार को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्षा नीटा डिसूजा पहली बार हरियाणा दौरे पर आ रही हैं। डिसूजा के हरियाणा दौरे को महिला कांग्रेस खासी उत्साहित है। नीटा डिसूजा को हालही में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। जिसके बाद वह सोमवार को पहली बार हरियाणा दौरे पर आ रही हैं।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज प्रदेश की महिलाओं को पार्टी के साथ जोडऩे में जुटी हुई हैं। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का सोमवार को हरियाणा दौरान काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डिसूजा का दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक जहां करीब दस स्थानों पर महिलाओं द्वारा स्वागत किया जाएगा वहीं पंचकूला में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी। इस बैठक में महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज द्वारा अब तक के कार्यों पर रिपोर्ट जारी करते हुए भविष्य का रोड मैप राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखा जाएगा। इस बैठक में महिला कांग्रेस द्वारा आने वाले दिनों में सरकार के विरूद्ध चलाए जाने वाले अभियान, संगठन के विस्तार, नई तैनातियों तथा मौजूदा संगठन में बदलाव को लेकर भी फैसले लिए जाएंगे।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा नीटा डिसूजा सोमवार को हरियाणा में है। जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी है। कोरोना गाइडलाइन को देखते हुए महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्षों तथा अन्य पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इस बैठक में कई अहम निर्णय लिए जाएंगे। जिसके बाद हरियाणा महिला कांग्रेस फील्ड में उतरकर सरकार को घेरने का काम करेगी।