मतगणना से पहले स्ट्रांग रूम पर कड़ा पहरा; अधिकारियों की तीन शिफ्टों में लगी ड्यूटी, CCTV से रखी जा रही नजर

punjabkesari.in Tuesday, May 28, 2024 - 06:06 PM (IST)

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): यमुनानगर में मतदान के बाद जिला के चारों विधानसभा क्षेत्र की EVM और वीवीपैट मशीनों को आईटीआई में बनाए गए  स्ट्रांग रूम में रखा गया है, जहां पुलिस उनकी निगरानी कर रही है। ईवीएम स्ट्रांग रूम के बाहर CISF,हरियाणा सशस्त्र पुलिस फोर्स और जिला पुलिस का कड़ा पहरा है और यहां किसी को जाने की इजाजत नहीं है।

यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि EVM स्ट्रांग रूम को अब चार जून को सुबह ही खोले जाएंगे, जब मतगणना शुरू होनी है। इस दौरान लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार या उनके इलेक्शन एजेंट दूर से स्ट्रांग रूम की व्यवस्था को देख सकते हैं। स्ट्रांग रूम के समीप कोई भी अधिकारी या उम्मीदवार जाएगा तो उसका रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। स्ट्रांग रूम के बाहर CCTV कैमरे लगे हुए हैं। इनका कंट्रोल रूम ITI यमुनानगर के परिसर में बनाया गया है। 

PunjabKesari

तीन शिफ्टों में रहेगी ड्यूटी

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। इसके लिए चाक-चौबंद तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि चारों स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए तीन शिफ्टों में आठ-आठ घंटे की अवधि के लिए ड्यूटी मैजिस्ट्रेट लगा दिए गए हैं, जो कि बारी-बारी से स्ट्रांग रूम पर निगरानी रखेंगे।

जानकारी के मुताबिक EVM मशीन कड़ी सुरक्षा में है और उसके लिए तीन स्तरीय सुरक्षा का प्रबंध किया गया है। इसके अलावा CCTV कैमरा का भी सहारा लिया जा रहा है। स्ट्रांग रूम की तरफ आने जाने वालों का रिकॉर्ड रखा जा रहा है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Nitish Jamwal

Related News

static