कहासुनी में कंपनी कर्मी का अपहरण के बाद हत्या, झज्जर में मिला शव, दो गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 08:51 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): आपसी कहासुनी के बाद कंपनी कर्मी का किडनेप कर हत्या करने के मामले में आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गला दबाकर हत्या की और शव को रास्ते में फेंक दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार बरामद कर ली है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।


पुलिस के मुताबिक, आईएमटी मानेसर थाना पुलिस में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि ढाणी शंकर बास कुसला में उसकी बिल्डिंग है। एक कमरे में रामशरण और दूसरे में नीरू व संदीप रहते हैं। 14 मई की शाम को नीरू और रामशरण का झगड़ा हुआ था, जिसे शांत करा दिया था। रात में नीरू और संदीप रामशरण को घसीटकर संदीप की कार में डालकर ले गए। रामशरण वापस नहीं आया। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस को जांच के दौरान अपहृत रामशरण (42) निवासी नीमराना, राजस्थान का शव पुलिस चौकी दुलीना थाना सदर झज्जर क्षेत्र में मिला। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और केस में हत्या की धाराएं जोड़ दी।


आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को केएमपी एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान संदीप (36) निवासी चरखी दादरी और नीरज उर्फ नीरू (22) निवासी कोटकासिम, राजस्थान के रूप में हुई।
 

पूछताछ में सामने आया कि संदीप और नीरज एसएनडी मारुति कंपनी में नौकरी करते हैं। जबकि  रामशरण आईएमटी मानेसर में एक कंपनी में काम करता था। 14 मई को इनके बीच झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश में रात को दोनों आरोपी रामशरण को कार में डालकर ले गए और गला दबाकर हत्या कर शव को रास्ते में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई कार बरामद कर ली है। केस की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static