सड़क किनारे पड़ा मिला युवक का शव, दोस्तों पर हत्या का आरोप
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 05:23 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पुराना दिल्ली रोड स्थित एक अस्पताल के पास एक युवक का लहूलुहान शव मिला है। सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर की जांच के दौरान सामने आया है कि किसी नुकीली चीज से वार कर युवक की हत्या की गई है। मृतक की पहचान गांव डूंडाहेड़ा के रहने वाले 33 वर्षीय हरिजीत कुमार के रूप में हुई है। वहीं मामले में परिजनों ने हरिजीत के दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के मुताबिक, आज सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का लहूलुहान शव पुराना दिल्ली रोड स्थित एक अस्पताल के पास पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच की तो सामने आया कि मृतक काेई काम नहीं करता था और वह नशा करने का आदी थी। नशे की लत को छुड़वाने के लिए परिजनों ने उसे दिल्ली के नशा मुक्ति केंद्र भेजा था। 6 महीने तक इलाज के बाद भी उस पर कोई असर नहीं हुआ और वह वापस गुड़गांव आकर दोबारा नशा करने लगा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार को हरिजीत ने घर पर बताया था कि वह अपने दो दोस्तों मोनू नेपाली और हरकेश के साथ घूमने जा रहा है। इसके बाद से न तो वह घर लौटा और न ही उसकी कोई जानकारी किसी को मिली। अब उन्हें हरिजीत की हत्या होने की सूचना मिली। फिलहाल उद्योग विहार थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।