प्रसव के बाद गर्भवती महिला की मौत, महिला डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Jan 17, 2021 - 12:17 PM (IST)

हांसी (संदीप सैनी) : हांसी शहर की जगदीश कॉलोनी में स्थित एक नर्सिंग होम में गर्भवती महिला के प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने का गंभीर मामला सामने आया है। डिलीवरी के दौरान गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल की डॉक्टर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल की महिला डॉक्टर के गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

प्राप्त जानकारी के कृष्णा कॉलोनी निवासी अमित जूता पैकिंग का काम करता है। शुक्रवार सुबह उसकी गर्भवती पत्नी को लीवर पेन हुआ तो वह नर्सिंग होम में लेकर गया। जहां उसकी पत्नी ने लड़की को जन्म दिया। महिला के पति द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार डिलिवरी के बाद उसकी पत्नी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, लेकिन डॉक्टर ने परिवार को उसकी पत्नी से नहीं मिलने दिया। महिला के पति के अनुसार डॉक्टर उन्हें गुमराह करती रही। कुछ देर बाद उसकी पत्नी की तबीयत अधिक खराब होने के बाद डॉक्टर ने हिसार रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजन गंभीर हालत में महिला को हिसार के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में पहुंचकर महिला डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर महिला डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला के शव का पोस्टमार्टम हिसार के सिविल अस्पताल में करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static