तीन दिन से लापता महिला का शव धनकोट नहर में मिला

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 08:35 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): द्वारका एक्सप्रेसवे के पास धनकोट नहर से एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान देवीलाल कॉलोनी निवासी मोनम के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।



दरअसल, राहगीरों ने नहर में एक महिला का शव तैरता देखा और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर और राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। शव काफी सड़ चुका था, जिससे आशंका है कि वह पिछले दो-तीन दिनों से पानी में पड़ा था। पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मोनम की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। करीब आठ महीने पहले राजीव नगर स्थित घर की छत से गिरने के कारण उसके पति की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से वह गहरे सदमे में थी और मानसिक रूप से भी परेशान रहती थी। उसका उपचार भी चल रहा था।


परिजनों ने बताया कि 10 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे मोनम बिना बताए घर से निकल गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर न्यू कॉलोनी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static