तू गलत औरत है, तेरी वीडियो वायरल करूंगा, महिला ने लाज-शर्म के कारण दी जान

punjabkesari.in Sunday, Oct 27, 2019 - 12:46 PM (IST)

यमुनानगर (सतीश): थाना छप्पर एरिया के एक गांव की 50 वर्षीय महिला की आपत्तिजनक टिप्पणी कर वीडियो वायरल कर दी गई। जिस पर आहत होकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। वायरल वीडियो में उसे किसी दूसरे व्यक्ति के साथ खेत में आने की बात कही गई है।

मृतका के परिजनों ने पुलिस को महिला द्वारा लिखे 3 पेज का सुसाइड नोट भी दिया है, जिसमें वीडियो वायरल करने वाले अकालगढ़ का माजरा के रामपाल पर आरोप लगाया गया है। कार्रवाई कर रहे थाना छप्पर प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के बेटे की शिकायत पर रामपाल वासी अकालगढ़ माजरा के खिलाफ आई.टी. एक्ट 67 व 306  के तहत केस दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो में जो अन्य युवक दिख रहे हैं। उनकी भी जल्द पहचान की जाएगी।


परेशान होकर खा ली जहरीली दवाई
मृतक महिला के बेटे ने पुलिस शिकायत में बताया कि उससे छोटे 2 भाई-बहन हैं। छोटा भाई 10वीं में और बहन ने 12वीं के फॉर्म भरे हुए हैं। 2 साल पहले पिता पाला राम के साथ हादसा हो गया था। इसके बाद से ही वह बिस्तर पर हैं और वॉकर के सहारे चलते हैं। उसकी मां गत 23 अक्तूबर को दोपहर 12.30 बजे अकालगढ़ माजरा में सुच्चा सिंह के पास अपने जेठ श्याम लाल के साथ गई थी। इस बात के बारे उसके पिता को भी पता था। आरोप है कि वहां पर अकालगढ़ माजरा का रामपाल व कई अन्य युवक खड़े थे। उन्होंने धमकी देते हुए उसकी मां से कहा कि तू गलत औरत है। तेरी वीडियो वायरल करूंगा। जिससे तेरी समाज में बेइज्जती होगी। आरोप है कि 24 अक्तूबर को यह वीडियो वायरल कर दी गई। इस वीडियो में उसे किसी दूसरे व्यक्ति के साथ बताया गया। जबकि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। उनकी मां रजिस्ट्री गिरवी रख मकान बनाने के लिए पैसे लेने के लिए गई थी। रामपाल ने रंजिशन उसे बदनाम करने के लिए यह वीडियो वायरल की है। परेशान होकर उनकी मां ने जहरीली दवाई खा ली। उसे निजी अस्पताल में ले जाया गया, शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई।  

महिला की छवि को किया धूमिल
पोस्टमार्टम रूम के बाहर खड़े शिव चरण, विनोद, करम चंद, साहिल, लक्की, बशेशर व मामचंद ने कहा कि परिवार को अच्छे से जानते हैं, वीडियो वायरल कर महिला की छवि को धूमिल किया गया। उन्हें तो यह पता लगा था कि महिला ने दवाई निगल ली है। परिवार ने अस्पताल के लिए गाड़ी मंगवाई थी, जब वे गाड़ी लेकर पहुंचे तो परिवार उसे निजी अस्पताल ले जा चुका था। शुक्रवार शाम उन्हें मौत का पता लगा। जब घर पहुंचे तो परिवार ने उनसे 3 पेज के सुसाइड नोट का जिक्र किया। उसे पढ़कर पता लगा कि महिला और परिवार के साथ गलत हुआ है। परिवार की तो दीपावली भी काली हो गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Related News

static