बहन पर टिप्पणी करने वाले को युवक ने उतारा मौत के घाट
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 09:48 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बहन पर टिप्पणी करने का अंजाम एक व्यक्ति को अपनी जान गवां कर भुगतना पड़ा। टिप्पणी से खफा होकर युवक ने अपने दोस्त की चाकू गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को पुराना दिल्ली रोड के शेर-ए-पंजाब ढाबा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विक्रम कुमार (उम्र-26 वर्ष) निवासी गांव पटियाना जिला जहानाबाद, बिहार, वर्तमान निवासी भांगरौला, गुरुग्राम के रूप में हुई।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 24 अगस्त की रात को आरोपी व मृतक दोनों डूंडाहेड़ा गांव स्थित एक पुरानी इमारत में साथ बैठे थे, इसी दौरान मृतक द्वारा आरोपी की बहन के बारे में टिप्पणी की तो आरोपी ने चाकू से सिर व छाती में वार करके उसकी हत्या कर दी। आपको बता दें कि 24 अगस्त को उद्योग विहार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पुराना दिल्ली रोड स्थित पार्क अस्पताल के बाहर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है जिसे नुकीली वस्तु से गोदकर मारा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान हरजीत के रूप में हुई। मृतक के चचेरे भाई ने गांव के ही एक व्यक्ति पर रंजिश में हत्या करने का शक जताया था जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।