लापरवाही: एंबुलेंस नहीं पहुंची तो महिला ने शौचालय में दिया बच्चे को जन्म

punjabkesari.in Friday, Oct 07, 2016 - 11:41 AM (IST)

हिसार: यूं तो प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक से एक दावे पेश करती है लेकिन प्रदेश की लचर व्यवस्था का जीता जागता उदाहरण हिसार में देखने को मिला, जहां एम्बुलैंस के अभाव में गर्भवती महिला ने शौचालय में बच्चे को जन्म दे दिया। 

जानकारी के मुताबिक वीरवार को बरवाला में रविदास नगर निवासी सोमनाथ की पत्नी सीमा को प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो उसके पति ने एम्बुलैंस के लिए फोन किया। कई बार फोन करने पर भी जब एम्बुलैंस सेवा उपलब्ध नहीं हुई तो सोमनाथ अपनी पत्नी को बाइक पर लेकर अस्पताल के लिए निकल पड़ा। अस्पताल उसके घर से करीब 2 कि.मी. की दूरी पर था। रास्ते में वे जब मंदिर के पास पहुंचे तो महिला को पीड़ा तेज हो गई। उसने अपने पति को बाइक रोकने के लिए कहा तथा मंदिर के नजदीक बने शौचालय में चली गई। इसी दौरान उसने बच्चे को जन्म दे दिया। इस बात का पता जब आसपास के लोगों को लगा तो उन्होंने पड़ोस की महिलाओं को मदद के लिए बुलाया। आशा वर्कर व अन्य महिलाओं ने जच्चा व बच्चा को दीपक सटरिंग स्टोर के कार्यालय में ले जाकर उसका उपचार करवाया।

इसी बीच सीमा के अन्य परिजन भी मौके पर आ गए। परिजनों व आशा वर्कर बाला ने भी इस दौरान एम्बुलैंस के लिए फोन किए लेकिन एम्बुलैंस नहीं आई। कंट्रोल रूम ने बार-बार फोन करने के बावजूद एम्बुलैंस नहीं भेजी और फोन बंद कर लिया। 
यहां करीब डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद जच्चा-बच्चा को एक प्राइवेट गाड़ी से घर रवाना किया गया। 

मामला गम्भीर है, जांच करवाएंगे: सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डा. जे.एस. ग्रेवाल ने कहा है कि मामला बेहद गम्भीर है तथा इसकी जांच करवाई जाएगी। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी तथा व्यवस्था को सुधारा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static