शहर में लग सकता है जाम,हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन आज

punjabkesari.in Saturday, Feb 06, 2016 - 05:28 PM (IST)

पानीपत (खर्ब) : भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे धरने प्रदर्शन के तहत पानीपत में भी रविवार को आठ मरला चौक पर धरना—प्रदर्शन होगा।  इसके लिए शनिवार दिन भर तैयारियां चलती रहीं। कांग्रेस के इस धरने में मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा व समर्थक विधायक आ रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन शहरी हलके से कांगेस के प्रत्याशी रहे वरिंद्र शाह कर रहे हैं। 

इसको लेकर पहले ही आठ मरला गुरुद्वारे से पहले चौक पर मंच के लिए कुर्सियां लगवा दी गई हैं। आस पास के इलाके को कांग्रेस के झंडों से पाट दिया गया हैं। साथ में आस पास शहरी हलके के अलावा ग्रामीण हलके के नेताओं व पार्षदों ने भी अपने होर्डिंग आदि लगा दिए हैं। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व उनके समर्थक भाजपा सरकार के खिलाफ बिजली के बढ़े रेट, थर्मल प्लांटों को बंद करने व अन्य जनविरोधी नीतियों के खिलाफ धरना—प्रदर्शन कार्यक्रम चलाए हुए हैें। इनमें अधिकतर कांग्रेस विधायक व हारे हुए कांग्रेस प्रत्याशी भाग ले रहे हैंं। 

नहीं आएंगे

कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी,प्रदेश अध्यक्ष डा.अशोक तंवर,पूर्व मंत्री अजय यादव आदि हुड्डा के इन कार्यक्रमों में भाग नहीं ले रहे हैं। 

दावा किया 
 
कांग्रेस नेता वरिंद्र शाह ने दावा किया कि इस धरने प्रदर्शन में हर वार्ड के निवासी पहुंचेंगे। मंच की देखरेख कर रहे पार्षद सुनील वर्मा ने कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं के आने की संभावना हैं इसलिए बाजार के दोनों रास्तों पर कार्यकर्ता बैठेंगे आने जाने के लिए आस पास के दोनों रास्ते लोगों के लिए खुले होंगे। 

सुरजेवाला ने दिया समर्थन 

टोल प्लाजा के पास संजय कादियान के कार्यालय में पत्रकारों के साथ बातचीत में कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा का धरना—प्रदर्शन कार्यक्रम सही हैं। उन्हें भी इस धरने में आना था,लेकिन कांग्रेस के एक नेता के संबधी की पंजाब में मृत्यु होने के कारण उन्हें पंजाब में जाना पड़ गया हैं।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static