नकल पर नकेल, 25 फरवरी से खेल शुरू! नूंह के 15 केंद्र हाई अलर्ट पर
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 07:25 PM (IST)
नूंह, (ब्यूरो): हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं 25 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही हैं। इस बार नूंह जिले में 16,345 परीक्षार्थी एग्जाम में शामिल होंगे। प्रशासन ने नकल मुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए कड़े इंतजाम किए हैं, जिससे जिले में “परीक्षा पर पहरा” साफ नजर आएगा।
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार 10वीं कक्षा के 9,769 और 12वीं के 6,576 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इसके लिए पूरे जिले में 65 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 7 केंद्रों को संवेदनशील और 8 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन 15 केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। जिला प्रशासन ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा कर ली है। सभी मुख्य अधीक्षकों (चीफ सुपरिटेंडेंट) को व्यक्तिगत रूप से बुलाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी की गुंजाइश न रहे। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, उड़नदस्ते और विशेष निगरानी दल सक्रिय रहेंगे। बोर्ड की ओर से एसटीएफ टीम, चेयरमैन व सेक्रेटरी फ्लाइंग स्क्वॉड सहित अन्य टीमें भी औचक निरीक्षण करेंगी।
प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि नकल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि नकल “मीठा जहर” है, जो भविष्य को कमजोर करता है। छात्रों से अपील की गई है कि वे ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। अभिभावकों से भी सहयोग की अपील की गई है कि वे परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। खासकर छात्राओं को समय पर परीक्षा केंद्र छोड़ने और परीक्षा समाप्ति के बाद लेने आने की सलाह दी गई है, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रशासन का दावा है कि इस बार नूंह में बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकल मुक्त, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएंगी। 25 फरवरी से शुरू हो रही इन परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और छात्र-छात्राओं में उत्साह के साथ-साथ गंभीरता का माहौल भी दिखाई दे रहा।