खर्चा ज्यादा होने पर किशोर ने पंखे से फंदा लगाकर किया सुसाइड

punjabkesari.in Wednesday, Jul 16, 2025 - 08:35 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-14 थाना एरिया के राजीव नगर कालोनी में मंगलवार शाम को 17 वर्षीय किशोर ने पंखे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस को मौके पर सुसाइड नोट मिला है। जिसमें किशोर ने ज्यादा खर्चा होने की बात कही है। वहीं माता-पिता से टाइम से रोटी खाने व बहन की मर्जी से शादी करने को कहा है। पुलिस ने बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और कार्रवाई शुरु कर दी।

 


दरअसल, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के गांव ढूनी निवासी भगवान सिंह मेहरा का परिवार काफी साल से गुडग़ांव के राजीव नगर में रह रहा है। भगवान सिंह मेहरा एक प्राईवेट कंपनी में जॉब करते हैं। वहीं उनकी पत्नी व 22 वर्षीया बेटी भी कंपनी में काम करती हैं। जबकि उनका 17 वर्षीय बेटा नितिन ने अभी 12वीं कक्षा पास की थी और अब उसे कॉलेज में दाखिला लेना था। मंगलवार की सुबह भगवान सिंह उनकी पत्नी व बेटी तीनों ही डयूटी पर चले गए। घर में नितिन ही अकेला था। पीछे से उसने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शाम करीब सात बजे सबसे पहले जब बहन घर आई तो घर में कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने खिडक़ी से झांककर देखा तो नितिन कमरे में पंखे से लटका मिला। बहन के चीखने पर आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा और नितिन को फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को कमरे में निरीक्षण के दौरान एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें लिखा है कि उसने काफी खर्चा कर दिया है, जिस कारण वह आत्महत्या कर रहा है। मम्मी-पापा आप अपना ख्याल रखना। टाइम से रोटी खा लेना और बहन की जहां मन करें वहां शादी करा देना।

 


जांच अधिकारी का कहना:
जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने मृत किशोर के सुसाइड नोट में जिक्र किए गए खर्च के बारे में कोई भी जानकारी होने मना कर दिया है। परिजनों के अनुसार उनके बेटे ने कभी किसी खर्च के बारे में कुछ नहीं बताया था। पुलिस किशोर के किए खर्च के बारे में जानकारी जुटा रही है। अभी किसी दोस्त से उधार लेने के बारे में कोई बात सामने नहीं आई है।  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static