कांग्रेस व इनेलो में सेंध लगाने में जुटी ‘आप’

punjabkesari.in Tuesday, Feb 05, 2019 - 10:43 AM (IST)

चंडीगढ़(बंसल): जींद उप-चुनाव परिणाम के बाद आम आदमी पार्टी हरियाणा में जनाधार बढ़ाने की कवायद में लगी है। ‘आप’ कांग्रेस व इनैलो में सेंध लगाने की तैयारी में है। ‘आप’ के रणनीतिकार कांग्रेस और इनैलो के वोटबैंक को अपनी तरफ लाने का खाका खींच रहे हैं। कांग्रेस और इनैलो की स्थिति जानने के लिए आम आदमी पार्टी के रणनीतिकार हर विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ के पिछले आंकड़े खंगाल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी अपने कैम्पेन के जरिए कांग्रेस और इनैलो के परंपरागत मतदाताओं को बताएगी कि मौजूदा हालात में कांग्रेस और इनैलो, भाजपा को नहीं हरा सकते। अगर भाजपा से मुक्ति पानी है तो हरियाणा के लोगों को नए विकल्प की तरफ देखना होगा। 

जींद उप-चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी की यह रणनीति कारगर हो सकती है। जींद में आम आदमी पार्टी समॢथत जननायक जनता पार्टी के दिग्विजय चौटाला भले ही दूसरे स्थान पर रहे हों लेकिन उन्होंने कांग्रेस के हैवीवेट और राहुल गांधी के करीबी रणदीप सुर्जेवाला को तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया। सुर्जेवाला महज 932 वोट से अपनी जमानत बचा पाए। वहीं, इनैलो के प्रत्याशी उमेद सिंह रेढू को तो जींद में केवल 3454 वोट मिले। ऐसे में अगर आम आदमी पार्टी कांग्रेस और इनैलो के मतदाताओं के पास जाकर यह कैम्पेन करती है तो नए समीकरण बन सकते हैं। आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयङ्क्षहद के अनुसार कांग्रेस में गृहयुद्ध चल रहा है। कांग्रेस के नेता भाजपा को हराने के बजाय अपनी ही पार्टी के नेताओं को निपटाने में लगे हुए हैं। इनैलो का अस्तित्व खत्म हो चुका है। हरियाणा के लोग खट्टर के कुशासन से दुखी हैं। ऐसे में हरियाणा के लोग आम आदमी पार्टी को एक विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

इनैलो का अस्तित्व खत्म होने के कगार पर : त्यागी 
हरियाणा की राजनीति के जानकार डा.सतीश त्यागी कहते हैं कि पारिवारिक झगड़े और ओमप्रकाश चौटाला के जेल में होने के कारण इनैलो का अस्तित्व लगभग खत्म होने के कगार पर है। इनैलो का हार्ड कोर वोटर भाजपा विरोधी है। ऐसे में जो भी भाजपा को हराता हुआ दिखेगा, इनैलो का वोटर उस तरफ शिफ्ट हो जाएगा। अगर आम आदमी पार्टी इनैलो के वोटर्स को यह समझाने में कामयाब हो गई तो निश्चित रूप से हरियाणा में बाजी पलट सकती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static