गृह जनपद भिवानी में गरजे केजरीवाल, कहा-15 अक्टूबर तक बनाएंगे 2 लाख पदाधिकारी, नहीं हरा पाएगी दुनिया की कोई ताकत

punjabkesari.in Sunday, Sep 03, 2023 - 05:03 PM (IST)

भिवानीः हरियाणा आप में नव नियुक्त सर्कल इचांर्जों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस शपथ ग्रहण समारोह में आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद हैं। यह शपथ ग्रहण समारोह अरविंद केजरीवाल के गृह जनपद भिवानी के अनाज मंडी में हो रहा है। समारोह में हरियाणा आप के बड़ी संख्या में पुराने व नव नियुक्त पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद हैं।

PunjabKesari

सबसे अंत में हरियाणा आप पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह केवल सर्कल लेवल के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह है। अगले डेढ़ महीने में 15 अक्टूबर तक हरियाणा के हर बूथ 10-10 लोगों की कमेटियां बनकर तैयार हो जाएंगी। इसके साथ हरियाणा में आम आदमी पार्टी के 2 लाख पदाधिकारी होंगे। जिस पार्टी के अंदर 2 लाख कार्यकर्ता नहीं बल्कि पदाधिकारी हों, हमें नहीं लगता की दुनिया की कोई ताकत उसे हरा सकती है। पार्टी में 90 प्रतिशत अधिक पदाधिकारी आम लोग हैं। आम लोगों ने कभी राजनीति नहीं की। हम लोगों को राजनीति से नफरत थी। इन लोगों ने हरियाणा को लूट लिया। कब तक घरों में बैठे रहेंगे।

ये ठीक राजनीति करते तो हमें राजनीति में आने की जरूरत नहीं पड़ती। मैंने अन्ना को कहा था कि राजनीति गंदगी है तो हमें झाड़ू उठानी होगी। भाजपा का सफाया देश में एक दिन आम आदमी पार्टी ही करेगी। इसके साथ ही दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने कहा कि आज मनीष सिसौदिया जेल में हैं। 6 माह हो गए। सतेंद्र जैन एक साल से जेल में हैं। आज अगर मनीष सिसौदिया और सतेंद्र जैन भाजपा जॉइन कर लें तो इनकी बेल हो जाएगी।  लेकिन वो शेर हैं, ऐसा नहीं करेंगे। संगठन में गुटबाजी नहीं करना, गुटबाजी से बड़ी बड़ी पार्टी खत्म हो गई। हमारा एक ही लक्ष्य है हरियाणा में सरकार बनाना। जब तक सरकार नहीं आ जाती तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।

इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने बिजली आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि देश में सबसे ज्यादा महंगी बिजली हरियाणा में है। मुख्यमंत्री और मंत्रियों की बिजली फ्री है और जनता बिल भर रही है। मैंने देखा हरियाणा में कई लोगों ने बिजली बिलों की होली जलाई। यहां सिर्फ बिल आते हैं, बिजली नहीं आती।

मैं हैरान हूं, हरियाणा में किसानों को भी बिल भरने पड़ते हैं। 24 घंटे बिजली फ्री हो सकती है, लेकिन इनकी नीयत ठीक नहीं है। हरियाणा के अगला कार्यक्रम कल से परिवार जोड़ो आंदोलन होगा। एक-एक घर जाकर चाय या दूध पीकर आना है और उन्हें बताना है कि केजरीवाल हरियाणा का ही है, म्हारा ही छोरा है। उसने दिल्ली बदल दी, हरियाणा भी बदल देगा। हमने दिल्ली पंजाब में काम न किया हो तो वोट मत देना, ऐसा मनोहर लाल खट्टर नहीं कह सकते। क्योंकि उन्होंने कोई काम नहीं किया है।

रैली न समझें, यह वॉलंटियर्स बैठक हैः भगवंत मान

शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने कार्यकर्ताओं को मंच संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा वाले इस कार्यक्रम को रैली न समझें, यह वॉलंटियर्स बैठक है। इस दौरान सीएम मान ने भाजपा जमकर निशाना साधा। आप सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मान ने कहा हमने जो दिल्ली और पंजाब में जनता से वादा किया सब पूरा किया। आज दिल्ली और पंजाब में बिना बिल के 24 घंटे बिजली आती है।

PunjabKesari

भाजपा की सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सीएम मान ने कहा भाजपा की नीयत अच्छी नहीं है, ये लोग देश को लूट कर खा गए। अब इनकी  फैक्ट्री 24 घंटे झोले बनाने का काम करती है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 लाख और काले धन पर कटाक्ष करते हुए कहा- हर बात जुमला, अब तो चाय बनाने पर भी शक है कि चाय बनानी आती है या नहीं।

पंजाब के सीएम ने कहा कि देश की संस्थाएं बेची जा रही है। सभी एक ही दोस्त को बेच रहे हैं। ये अहंकार में हैं, पब्लिक सब जानती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा की चाल में अहंकार है। जनता बड़े बड़ो का अहंकार तोड़ा है। दिल्ली के स्कूलों में अच्छा काम हुआ तो मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया। ये लोग ये ऐसे फैसले कर उनकी पार्टी को रोकना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी एक दरिया है, दरिया अपना रास्ता खुद बनाता है। मान ने शायरी के माध्यम से कार्यकर्ताओं का हौसला देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी किसी और मिट्टी के बने हुए हैं। हम वो पत्ते हैं जो अधियों में शाख से गिर जाएं, आंधियों को कह दें अपनी औकात में बहें।

इस दौरान हालही में केंद्र सरकार द्वारा सिलेंडर सस्ते करने पर निशाना साधते हुए कहा कि 4 साल ये लोग लूटते हैं, आखिर में 6 महीने पहले आपको 100 रुपये शगुन दे देतें हैं। अबकी झाड़ू वाला बटन दबाकर इनकी सफाई कर दो। ऐसी सफाई दल्ली और पंजाब की हुई अब हरियाणा की बारी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Saurabh Pal

Related News

static