बिजली मंत्री पर बरसे जय प्रकाश, कहा- नैतिकता बची हो तो इस्तीफा दें...बढ़ते अपराध को लेकर घेरी सरकार

punjabkesari.in Sunday, Jun 30, 2024 - 07:54 PM (IST)

हिसारः कांग्रेस सासंद जय प्रकाश (जेपी) ने रणजीत चौटाला पर करारा प्रहार किया। हिसार रेस्ट हाउस में जेपी ने मीडिया से कहा कि नैतिकता के आधार पर मंत्री पद से रणजीत चौटाला को इस्तीफा दे देना चाहिए। दरअसल सिरसा की रनियां सीट से विधायक रहे रणजीत चौटाला ने लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद वह आनन फानन में भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा ने उन्हें हिसार सीट से लोकसभा टिकट दिया, लेकिन वह चुनाव हार गए। इसी को लेकर कांग्रेस रणजीत चौटाला पर हमलावर है।

जेपी ने कहा कि जब वह विधायक नहीं हैं तो ऐसे में वह कैसे मंत्री बने रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में लोकलाज नाम की चीज नहीं बची है। चुनाव से पहले नैतिकता की दुहाई देने वाले रणजीत को क्या हो गया है। चौटाला परिवार जो मुझे बार-बार गाली देता था, अब जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया है। अगर रणजीत में अभी भी नैतिकता बची है तो उन्हें इस्तीफा देकर घर बैठ जाना चाहिए।

वहीं जय प्रकाश ने हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हिसार में दिन दहाड़े गोलियां चल रहीं है। ऑटो मार्केट और महिंद्रा के शोरूम पर गोलियां चलाईं गईं। हिसार कई इलाकों से फिरौती मांगने की खबरें आ रहीं है, जो प्रदेश में जर्जर कानून व्यवस्था को उजागर करती है। उन्होंने कहा प्रदेश में अपराध बेकाबू हो गया है। इसकी जिम्मेदारी गृहमंत्री की है। प्रदेश की जनता से उन्हें माफी मांगनी चाहिए। 

हिसार सांसद जयप्रकाश जेपी ने हरियाणा खासकर हिसार में बढ़ते अपराध को लेकर हरियाणा सरकार पर निशाना साधा है। जयप्रकाश ने कहा कि हरियाणा गुंडागर्दी का अड्डा बन चुका है। कांग्रेस की सरकार आते ही इस प्रवृति के लोग 72 घंटे के अंदर या तो प्रदेश छोड़ देंगे या गुंडागर्दी छोड़ देंगे।

  (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static