हरियाणा में भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिकों का भी होगा ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण: मनोहर

punjabkesari.in Tuesday, Dec 07, 2021 - 08:02 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में किसानों के साथ-साथ श्रमिकों की आय को भी दोगुनी करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए हरियाणा में असंगठित मजदूरों का पंजीकरण जारी है, आज से हरियाणा में कार्यरत भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिकों का पंजीकरण भी होगा। इसके बाद इन्हें भी केंद्र व राज्य सरकार से जुड़ी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। मुख्यमंत्री आज पंचकूला में भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ द्वारा आयोजित हरियाणा राज्य श्रमिक पंजीकरण उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को पंचकूला में भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ द्वारा आयोजित हरियाणा राज्य श्रमिक पंजीकरण उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक समाज का असली निर्माता है। इस संसार की उत्पत्ति में श्रमिक का पसीना लगा हुआ है। 19वीं शताब्दी में जब औद्योगिक क्रांति आई तो उद्योगों के विकास में रेलवे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। देश की तरक्की उद्योगों से, उद्योगों की तरक्की रेलवे और रेलवे की तरक्की श्रमिकों से हुई। देश की तरक्की श्रमिकों पर निर्भर है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा जा रहा है लेकिन गरीब व श्रमिकों का भला कैसे हो इस पर उनका विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि सरकारी संसाधनों पर श्रमिकों का पहला हक है। हरियाणा सरकार कंस्ट्रक्शन, प्रवासी मजदूरों, दुकानदारों, मछुआरे व अन्य सभी असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण कर रही है। इनका पंजीकरण पूर्ण हो जाने पर इनके लिए स्वास्थ्य, बच्चों की पढ़ाई, रोजगार, मकान व सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी 22 योजनाएं  क्रियान्वित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने श्रमेव जयते योजना शुरू करने पर प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि श्रम ही जीवन है। ईमानदारी व सच्चाई से काम करने वाले की जीत होती है और श्रम से ही समाज आगे बढ़ता है। गरीबों का उत्थान कैसे हो इसके लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना शुरू की है। अभी तक साढ़े 3 लाख परिवारों का डाटा मिला है, जिनकी आय 1 लाख रुपये से कम है। ऐसे परिवारों तक सरकार के 18 विभागों की 40 से ज्यादा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अंत्योदय ग्रामोदय मेले लगाए जा रहे हैं। इन मेलों में उनकी इच्छा अनुसार स्वरोजगार हेतु बैंकों से ऋण, योग्यतानुसार प्राइवेट नौकरियां दिलाने का कार्य किया जा रहा है। इस योजना का दूसरे प्रांत भी अब अध्ययन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के लिए लगातार कार्य कर रही है। हरियाणा में लड़कियों के लिंगानुपात में काफी सुधार हुआ है। पहले 1 हजार लड़कों पर 853 लड़कियां थी लेकिन अब 913 लड़कियां हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आंकड़े को 950 तक लेकर जाना उनकी सरकार का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति या श्रमिकों से जुड़े प्रतिनिधि सुझाव देते हैं तो उस पर अमल किया जाएगा।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static