दिल्ली से गुड़गांव आए व्यक्ति को बंधक बनाकर मारपीट, तीन के खिलाफ केस दर्ज
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 05:35 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): दिल्ली निवासी एक व्यक्ति को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने का आरोप तीन नामजद युवकों पर लगा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के रोहिणी निवासी चेतन गोयल ने शिकायत में बताया कि नौ मई को वह किसी काम से गुरुग्राम के सेक्टर-56 आए थे। इसी दौरान वहां मौजूद तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि तीनों युवकों ने मिलकर चेतन गोयल को जबरन बंधक बना लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाईं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी।
जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी तक मारपीट का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।