एम.एस.पी. को मूल्य सूचकांक से जोड़ो : अभय चौटाला

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2020 - 08:39 AM (IST)

गोहाना (अरोड़ा) : इंडियन नैशनल लोकदल के प्रधान महासचिव और ऐलनाबाद के विधायक अभय चौटाला ने रविवार को मांग की कि एम.एस.पी. को मूल्य सूचकांक से जोड़ा जाए ताकि महंगाई बढऩे के अनुपात में एम.एस.पी. अपने-आप बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि एम.एस.पी. से कम मूल्य पर कोई भी फसल खरीदने वाले को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। अभय चौटाला गोहाना में इनैलो कार्यकत्र्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि बरोदा उपचुनाव के लिए इनैलो के प्रत्याशी की जल्दी ही घोषणा कर दी जाएगी। इनैलो के प्रधान महासचिव ने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि किसी भी प्राकृतिक आपदा से किसान को जितना भी नुक्सान हो उसकी पूरी भरपाई मुआवजे के तौर पर सरकार करे तथा जिन खेतों में जलभराव और सेम की समस्या के चलते नुक्सान हो, वहां न्यूनतम 50 हजार रुपए प्रति एकड़ की क्षतिपूर्ति दी जाए।

अभय चौटाला ने कहा कि इनैलो किसानों के साथ खड़े होकर उन्हें इंसाफ दिलवाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह नए कृषि कानूनों के विरोध का नाटक भर कर रही है। उनके अनुसार 8 साल पहले समान विधेयक डा. मनमोहन सिंह के पी.एम. रहते स्वयं कांग्रेस ने लोकसभा में टेबल किए थे, पर तब पार्टी का बहुमत न होने से ये पारित नहीं हो सके थे। अब भी ये विधेयक कांग्रेस की मदद से पास हुए हैं। उन्होंने जननायक जनता पार्टी पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो देवीलाल किसानों के लिए कुर्सी तक ठुकराने के लिए तैयार रहते थे, खुद को उनके वंशज बताने वाले अब त्याग पत्र तक देने को तैयार नहीं हैं, उलटे नए कृषि कानूनों को ठीक बताते हुए उनकी खुली वकालत करने पर अड़े हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static