महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पति सहित पांच पर केस दर्ज

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 08:12 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): पटौदी थाना एरिया के जाटौली मंडी में मंगलवार को 28 वर्षीया महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला अपने कमरे में साड़ी से फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्मार्टम के लिए भिजवा दिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं महिला के मायके वालों ने उसके पति पर मारपीट करने और हत्या किए जाने का आरोप गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।


जानकारी अनुसार पलवल के कोंडल गांव निवासी सोमवती उर्फ सोनम की शादी वर्ष 2020 में जटौली मंडी के जयदेव कॉलोनी निवासी साहिल के साथ हुई थी। साहिल वेयरहाउस में नौकरी करता है। सोनम की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोनम के पिता धीर सिंह का आरोप है कि शादी के एक साल बाद साहिल ने सोनम के साथ मारपीट शुरु कर दी। उसके किसी अन्य महिला के साथ संबंध थे, जिसके बारे में सोनम को पता चल गया था। मारपीट को लेकर सोनम ने हेलीमंडी पुलिस चौकी में शिकायत भी दी थी। लेकिन समाजिक तौर पर राजीनामा हो गया सोनम अपने पति व दो बच्चों के साथ रहने लगी। इसके बाद भी उसके साथ प्रताडऩा जारी रही तो एक माह पहले सोनम बच्चों के साथ मायके आकर रहने लगी। सोनम 24 मई 2026 को अकेली ही ससुराल चली गई थी। इसके बाद 26 मई को सोनम की सास की कॉल आई कि उसकी तबियत खराब है। जब वे अस्पताल पहुंचे तो सोनम मृत मिली। धीर सिंह का आरोप है कि सोनम की हत्या की गई है।
 

सूचना पर पटौदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए। वहीं शव को पोस्टमार्टम के बाद मृत महिला के मायके वाले साथ ले गए। उन्होंने ससुराल जनों को शव सौंपने से मना कर दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने साहिल सहित पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच अधिकारी एएसआई नरेंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static