रेहड़ी लगाने के विवाद में मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 08:32 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के बाहर रेहड़ी लगाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट करने के आरोप में डीएलएफ सेक्टर-29 थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिकायतकर्ता पक्ष के दो लोगों के खिलाफ भी निवारक कार्रवाई की गई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि वह हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-3 के बाहर दुकान लगाता है। छह अगस्त को उसका कुछ लोगों से रेहड़ी लगाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बाद में उक्त लोगों ने उसके बेटे को रोक लिया। विरोध करने पर शिकायतकर्ता के साथ डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना डीएलएफ सेक्टर-29 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुखराम, भूरा, मुनेश और कल्याण उर्फ कालू, सभी निवासी गांव मड़ावली, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेहड़ी लगाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद उन्होंने मारपीट की थी। वहीं, घटना के दौरान झगड़े में शामिल शिकायतकर्ता पक्ष के अंशु और गोविंदा के खिलाफ भी धारा 126/170 बीएनएसएस के तहत निवारक कानूनी कार्रवाई की गई है।