भाई के खिलाफ चुनाव लड़ने में होगी मुझे खुशी : राव अजीत सिंह

punjabkesari.in Sunday, May 13, 2018 - 01:31 PM (IST)

रेवाड़ी(इंदौरा):  हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के मंझले बेटे राव अजीत सिंह ने कहा कि फिलहाल उनके पास कांग्रेस की सदस्यता तक नहीं है लेकिन उन्हें कांग्रेस का ही समझा जाना चाहिए। यदि कांग्रेस उन पर विश्वास कर गुडग़ांव लोकसभा क्षेत्र से टिकट देती है तो वह अपने भाई एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। उनके सामने चुनाव लडऩे पर उन्हें खुशी होगी। वह आज रामपुरा हाऊस में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

राव अजीत सिंह ने कहा कि यह सही है कि एक समय में वह दूसरे दल में रहकर कांग्रेस के खिलाफ भी बोले थे। लेकिन जिस तरह से उन्होंने भाजपा की नीयत व नीति देखी है। उसे देखकर यह लगता है कि वास्तव में कांग्रेस ही सबसे बेहतर दल है। उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता नहीं ली है, लेकिन चूंकि उनका बेटा अर्जुन राव कांग्रेस में है, और उनकी भी पूरी आस्था कांग्रेस के साथ है, इसलिए यदि उन्हें पार्टी ने मौका दिया तो वह राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ खुलकर बात की तथा उन पर मौका परस्ती व लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने इनैलो पर भी जमकर निशाना साधा तथा कहा कि उक्त पार्टी ने उनका केवल प्रयोग किया है। उन्होंने दावा किया कि बेशक बसपा से इनैलो का गठबंधन हो गया है लेकिन अनुसूचित जाति के लोग इनैलो के साथ नहीं जाएंगे। इस गठबंधन से कांग्रेस के वोट बैंक पर कोई फर्क नहीं पडऩे वाला। उन्होंने कहा कि बावल, पटौदी, अटेली व नांगल चौधरी में उनका खासा प्रभाव है।

इसलिए वह विधानसभा सीटों पर अपना दावा ठोकेंगे तथा कांग्रेस से टिकट मांगेंगे। कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को उन्होंने नि:संकोच स्वीकार किया तथा कहा कि निश्चित रूप से इससे पार्टी को नुक्सान होगा। इसलिए राहुल गांधी को हस्तक्षेप कर पार्टी को एक सूत्र में बांधने का काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी पूरी तरह से राजनीति में मैच्योर हैं। गुजरात के चुनाव में भाजपा को टक्कर देना इस बात प्रमाण है।

उन्होंने यह भी कहा कि अपनी ताकत दिखाने के लिए वह गुडग़ांव व नांगल चौधरी में विशाल जनसभा भी करवाएंगे। इन सभाओं में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को बुलाया जाएगा। राव अजीत सिंह ने भाजपा व उसके सहयोगी संगठनों को हिटलर की उपाधि दी।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static