मनोहर के राज में रेप की राजधानी बना हरियाणा: किरण चौधरी

punjabkesari.in Thursday, Sep 20, 2018 - 11:05 AM (IST)

चंडीगढ़(बंसल): हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने प्रदेश में लगातार हो रही दुष्कर्म की घटनाओं पर हरियाणा सरकार को घेरते हुए महिला सुरक्षा के मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। 

उन्होंने कहा कि मनोहर लाल खट्टर के राज में हरियाणा रेप की राजधानी बन गया है।किरण चौधरी ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के दौरान हरियाणा में आधा दर्जन के करीब महिलाओं अथवा युवतियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो चुकी हैं। रेवाड़ी, रोहतक, पानीपत, फरीदाबाद में हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं ने हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की पोल खोलकर रख दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा खोले गए गुलाबी थाने जहां पूरी तरह से बेमाने साबित हो रहे हैं, वहीं महिला पुलिस थानों को बिना किसी देरी के बंद करके सरकार को अपना ढोंग समाप्त करना चाहिए।

किरण चौधरी ने मोरनी व रेवाड़ी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दुष्कर्म का शिकार युवतियां थानों में 30-30 घंटे तक चक्कर लगाती रहीं और पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। इसके बावजूद मुख्यमंत्री द्वारा पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय नहीं की जा रही है। 

चौधरी ने कहा कि आज हरियाणा में अफसरशाही को सरकार का कोई भय नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर हरियाणा में अब तक के सबसे असफल गृहमंत्री साबित हुए हैं। किरण चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर गृहमंत्री होने के नाते पिछले चार साल के दौरान हरियाणा में महिला उत्पीडऩ, छेड़छाड़ व दुष्कर्म आदि की घटनाओं पर एक श्वेत पत्र जारी करते हुए प्रदेश की जनता को बताएं कि पुलिस कितने आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है और सरकार ने ऐसे कितने पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की है, जिन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाने की बजाय पीड़िताओं की सुनवाई नहीं की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static