पहलवानों के धरने के बीच खेल मंत्रालय का बड़ा फैसला, भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर लगी रोक

punjabkesari.in Monday, Apr 24, 2023 - 03:25 PM (IST)

दिल्ली : दिल्ली के जंतर-मंतर पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पहलवानों ने एक बार फिर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। धरने के बीच खेल मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है जिसमें मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर रोक लगा दी है। बता दें कि भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव 7 मई को होने वाले थे।

PunjabKesari
PunjabKesari


बता दें कि 18 जनवरी 2023 को कुश्ती महासंघ और पहलवानों का ये विवाद सामने आया था। जंतर-मंतर पर विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक समेत कई दिग्गज पहलवान इकट्ठा हुए थे। उस दिन भी कुश्ती खिलाड़ियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। ब्रजभूषण सिंह के खिलाफ पहलवानों ने प्रमुख तौर पर पांच आरोप लगाए हैं। 

1. यौन शोषण 
2. तानाशाही-मनमानी
3. अपशब्दों का प्रयोग
4. मानसिक प्रताड़ना
5. आवाज उठाने पर धमकाने का आरोप

 

खिलाड़ियों ने की ये अपील-


खिलाड़ियों को न्याय दिलवाने के लिए हमारा साथ और समर्थन दीजिए-विनेश फोगाट

विनेश फोगाट ने कहा कि जैसे की आप सब जानते हैं कि तीन महीने पहले हमने रेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आवाज उठाई थी। हमारे साथ में कुछ राजनीती हुई है। सरकार ने एक कमेटी बनाई थी और 4 हफ्ते का समय मांगा था लेकिन, 3 महीने हो गए, हमें इंतजार करते हुए, हमारे साथ आज भी न्याय नहीं हुआ है। दो दिन पहले हम पुलिस स्टेशन गए थे। जहां 7 लड़कियों ने बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई करने की शिकायत दी है। शिकायत में बृजभूषण ने जो शारीरिक शोषण किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। लेकिन पुलिस हमारी FIR भी दर्ज नहीं कर रही है। जिसके बाद इंतजार कर जंतर-मंतर पर आए हैं। यहां भी हमें परमिशन नहीं मिली है। हम ऐसे ही बैठे हैं। पुलिस हमारे चारों तरफ खड़ी है। हम आप सभी देशवासियों से हाथ जोड़कर विनती करते हैं कि हम सभी खिलाड़ियों को न्याय दिलवाने के लिए हमारा साथ और समर्थन दीजिए। प्लीज जंतर-मंतर पर आइए।

 

हम सभी इक्ट्‌ठा होकर लड़ेंगे तो ज़रुर न्याय मिलेगा-बजरंग पुनिया


वहीं बजरंग पुनिया ने कहा कि अगर आज हम बहन-बेटियों की लड़ाई की हम एक साथ इक्ट्‌ठे नहीं हुए तो कभी भी कोई बहन-बेटी आवाज उठाने योग्य नहीं रहेगी। क्योंकि हम सभी इक्ट्‌ठा होकर लड़ेंगे तो ज़रुर न्याय मिलेगा। आज सभी बहन-बेटियां यहां सड़क पर बैठी हैं, आप सभी सहयोग कीजिए। साक्षी मलिक ने कहा कि ये सच्चाई की लड़ाई है, हमारा साथ दीजिए।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static